भूकंप में अनोखा बिस्तर


चीन में एक शख्स ने ऐसा बिस्तर बनाया है जो कि लोगों को भूकंप से बचाएगा। इस बिस्तर को बनाने वाले शख्स को इसका पेटेंट भी दे दिया गया है। चीन की मीडिया से मिली खबरों के मुताबिक 66 वर्षीय वेंग वेजी ने इस बिस्तर को बनाया है। जिसमें मोटी प्लाई का उपयोग किया गया है।



इसमें खाने का सामान रखने व अन्य चीजों के लिए भी पर्याप्त जगह बनाई गई है। यानि इस बिस्तर में भूकंप के दौरान जरूरत की सभी सामग्री संग्रहित की जा सकती हैं। जबकि सामान्य स्थिति में इस पर आरामदायक नींद पूरी की जा सकती है। वेंग का कहना है कि इसमें आपात स्थिति के दौरान रखी जाने चीजों से व्यक्ति कुछ दिनों तक जिंदा रह सकता है।

साथ ही यह एक बॉक्स की तरह बन जाता है जिससे भूकंप के दौरान मकान ढहने आदि की घटनाओं से बचाता है। जब तक बचावकर्मी घटनास्थल तक पहुंचें तब तक यह इंसान को सुरक्षित रखने में सक्षम है।

वेंग ने कहा कि अभी हाल ही में चीन में आए भूकंप और बाढ़ ने मुझे इसे और बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया है। गौरतलब है कि चीन में प्राय: भूकंप आते रहते हैं। वर्ष 2008 में करीब 70 हजार लोग भूकंप से प्रभावित हुए थे। इसी तरह इस वर्ष 2700 लोगों को अप्रैल माह में आए भूकंप ने प्रभावित किया था।